कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 'व्यापारी कल्याण दिवस' का भव्य आयोजन जिला प्रशासन एवं राज्य कर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडेय रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं दानवीर भामाशाह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में दानवीर भामाशाह के अद्वितीय त्याग, राष्ट्रभक्ति एवं समाजसेवा को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर व्यापारिक समुदाय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों के संरक्षण, व्यापारिक वातावरण को सुगम बनाने तथा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। व्यापारियों की समृद्धि प्रदेश के आर्थिक विकास की आधारशिला है और सरकार उनके कल्याण एवं सुविधाओं के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी दानवीर भामाशाह के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान को स्मरण किया तथा व्यापारियों की समस्याओं एवं उनके समाधान से संबंधित विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की।
इस अवसर पर विभिन्न टर्नओवर श्रेणियों में सर्वाधिक कर (टैक्स) जमा करने वाले प्रतिष्ठानों को 'भामाशाह पुरस्कार' एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
₹5 करोड़ से ₹50 करोड़ वार्षिक टर्नओवर की श्रेणी में सर्वश्री भारत कंस्ट्रक्शन तथा सर्वश्री श्याम इंडस्ट्रीज को सम्मानित किया गया। ₹1.5 करोड़ से ₹5 करोड़ वार्षिक टर्नओवर की श्रेणी में सर्वश्री सत्यम शिवम सुन्दरम इंटरप्राइजेज एवं सर्वश्री होटल शांति पैलेस को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार ₹1.5 करोड़ तक वार्षिक टर्नओवर की श्रेणी में सर्वश्री प्रकाश ब्रिक फील्ड तथा सर्वश्री हेमंत ब्रिक फील्ड को सर्वाधिक कर जमा करने के लिए भामाशाह पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शासन की मंशा के अनुरूप विभिन्न विद्यालयों में महान दानवीर भामाशाह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित चित्रकला, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जिसमें निर्णायक मंडल द्वारा चयनित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा उद्योग विभाग के तीन लाभार्थियों की मुख्यमंत्री युवा योजना के अंतर्गत डेमो चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में जनपद मुरादाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, संयुक्त आयुक्त राज्य कर श्यामलाल, उपायुक्त राज्य कर सुनील कुमार सिंह, पी.पी. सिंह, सहायक आयुक्त राज्य कर अंकित सिंह, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अनिल अग्रहरि सहित जनपद के बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के चयनित कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा अन्य अधिकारियों एवं उद्यमियों व व्यापारियों द्वारा महान दानवीर भामाशाह जी के जन्म दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी/स्टॉल का अवलोकन किया गया।
