आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, मड़ियाहूं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम चौधी मलकानपुर में कार्रवाई करते हुए ग्राम समाज की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
प्रशासन को शिकायत मिली थी कि ग्राम समाज की नवीन परती तथा खाद गड्ढा के रूप में दर्ज भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया।
अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर किए गए अस्थायी और स्थायी कब्जों को हटाया गया तथा अवैध निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों के अनुसार भूमि की सीमांकन प्रक्रिया सुनिश्चित कर उसे पुनः सुरक्षित कराया।
उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि ग्राम समाज की भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित होती है और इस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है और जहां भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की सूचना मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने या निर्माण कराने वालों के विरुद्ध राजस्व एवं कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी सार्वजनिक या सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी हो तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी के नेतृत्व में पुलिस बल, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जनहित की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
.jpeg)