आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर के नईगंज स्थित ट्यूलिप हॉस्पिटल में भर्ती एक महिला मरीज की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद शनिवार देर रात परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम समाप्त कराया।
जानकारी के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी गेना देवी (50), पत्नी अशोक कुमार सरोज, को सीने में दर्द की शिकायत होने पर तीन दिन पहले ट्यूलिप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई और शनिवार रात उनकी मृत्यु हो गई। मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए तथा चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नगर आईपीएस गोल्डी गुप्ता, नगर कोतवाल अनीता सिंह तथा सरायपोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और सड़क जाम समाप्त किया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मरीज का उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत होना था, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन द्वारा नकद रूप से लगभग 40 हजार रुपये भी जमा कराए गए। उनका कहना है कि यदि आयुष्मान योजना का लाभ दिया जा रहा था तो अतिरिक्त धनराशि क्यों ली गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद परिजन महिला का शव लेकर अपने घर चले गए। वहीं अस्पताल प्रशासन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक संपर्क नहीं हो सका।
घटना के बाद शहर में निजी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के उपचार और कथित अतिरिक्त शुल्क वसूली को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। हालांकि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
.jpeg)