देवल संवाददाता, मऊ।अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राशन कार्डों की स्थिति, अन्नपूर्णा भवन निर्माण तथा निलंबित उचित दर दुकानों की समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि फरवरी माह से अब तक जनपद में 447 नए अंत्योदय राशन कार्ड तथा 13,248 नए पात्र गृहस्थी राशन कार्ड जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राशन कार्डधारकों की आधार सीडिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है तथा जनपद की सभी उचित दर दुकानों पर ई-पॉस मशीनों के माध्यम से राशन वितरण किया जा रहा है।जिला पूर्ति अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 1020 उचित दर की दुकानें संचालित हैं, जिनमें 243 दुकानें नगरीय क्षेत्रों में स्थित हैं। उन्होंने बताया कि तहसील स्तर पर भी सतर्कता समितियों का गठन किया जाता है तथा प्रत्येक तीन माह में कम से कम एक बैठक आयोजित किया जाना अनिवार्य है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने सभी पूर्ति निरीक्षकों को संबंधित उप जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से तहसील स्तरीय सतर्कता समिति की बैठकें सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।बैठक में बताया गया कि जनपद की 55 उचित दर दुकानें स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित की जा रही हैं। अन्नपूर्णा भवन निर्माण की समीक्षा के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 25 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित है,जिनमें से 10 से अधिक भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष निर्माणाधीन हैं।समिति के नामित सदस्य एवं नगर पंचायत घोसी के अध्यक्ष श्री मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने नए अंत्योदय कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में नियमों के संबंध में चर्चा की। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार ग्राम पंचायत के प्रस्ताव के उपरांत ही नए अंत्योदय कार्ड जारी किए जाते हैं। समिति की सदस्य पुष्प कला सिंह ने अपात्र व्यक्तियों के नाम अंत्योदय सूची में होने तथा पात्र लोगों को लाभ न मिलने का मुद्दा उठाया। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि अपात्र लाभार्थियों का नाम हटाने एवं पात्र व्यक्तियों को शामिल करने के लिए भी ग्राम पंचायत का प्रस्ताव आवश्यक है।निलंबित उचित दर दुकानों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने निर्देश दिए कि सभी लंबित जांचों को शीघ्र पूर्ण कर नियमानुसार दुकानों का समायोजन एवं आवंटन सुनिश्चित किया जाए,जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 56,594 अंत्योदय राशन कार्ड तथा 3,26,662 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड सक्रिय हैं। सभी राशन कार्डों के मुखियाओं की आधार सीडिंग शत-प्रतिशत पूर्ण है तथा कुल 16,17,563 यूनिटें राशन वितरण प्रणाली से आच्छादित हैं।बैठक में समस्त पूर्ति निरीक्षक,जिला पूर्ति कार्यालय के कर्मचारी,नामित सदस्य मुन्ना प्रसाद गुप्ता,सूर्यभान सिंह, समाजसेवी पुष्प कला सिंह,प्रभारी डीपीओ रंजीत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न,राशन वितरण व्यवस्था एवं अंत्योदय कार्डों की समीक्षा
जून 25, 2026
0
Tags
