G7 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई। ट्रंप ने पीएम मोदी को बहुत सख्त इंसान बताया और कहा कि जिनकी वे सबसे ज्यादा तारीफ करते हैं वो शख्स पीएम मोदी हैं।
ये बातें फ्रांस में G7 समिट के ठीक बाद हुए 45 मिनट के इंटरव्यू के दौरान कहीं गईं, जिसमें ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कई बहुत प्रभावशाली बैठकें की हैं।
पीएम मोदी और चिनफिंग पर क्या बोले ट्रंप?
Axios को दिए इंटरव्यू में, जब ट्रंप से पूछा गया कि वे किन वैश्विक नेताओं की सबसे ज्यादा तारीफ करते हैं, तो उन्होंने पीएम मोदी और शी चिनफिंग का नाम लिया।
ट्रंप ने जहां पीएम मोदी को सख्त इंसान कहा, वहीं चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को 'काम पर पूरी तरह ध्यान देने वाला' शख्स बताया।
ट्रंप ने पीएम मोदी के साथ मीटिंग के दौरान कहा, 'हमारे बीच सबसे अच्छे रिश्ते हैं। हम इससे ज्यादा करीब नहीं हो सकते। मेरे और उनके बीच, और हमारे देशों के बीच भी। लेकिन असल में इसकी शुरुआत हम दोनों से ही होती है।'
ट्रंप ने पीएम मोदी की तरफ इशारा करते हुए कहा, 'इस आदमी को देखिए। मैं आपको एक बात बताता हूं। वह दिखने में बहुत शानदार आदमी हैं। वह बहुत अच्छे लगते हैं। वह फरिश्ते जैसे हैं। लेकिन असल में, वह बहुत सख्त हैं, वह 'किलर' हैं। वह बहुत मजबूत हैं। लेकिन वह दिखने में बहुत अच्छे हैं। इसलिए वह आपको चौंका देते हैं।'
ट्रंप ने समिट के दौरान वर्साय के महल में उनके लिए स्टेट डिनर होस्ट करने के फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के फैसले का भी जिक्र किया।
G7 में पीएम मोदी की वर्ल्ड लीडर्स से मुलाकात
G7 समिट में पीएम मोदी की मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के साथ ही कई वर्ल्ड लीडर्स के साथ हुई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी का स्वागत किया और भारत आने की भी बात कही।
पीएम मोदी की मुलाकात इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ भी हुई। प्रधानमंत्री मोदी, यूरोपियन यूनियन के राष्ट्राध्यक्षों से भी मिले। जापान की प्रधानमंत्री सनाए टाकायची के साथ भी पीएम मोदी की बात हुई।
