देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। करमा थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव में एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक का शव शुक्रवार सुबह गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर के समीप यूकेलिप्टस के पेड़ के पास मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार धौरहरा निवासी अभिषेक चौहान (19) पुत्र मनोज चौहान का शव शुक्रवार सुबह मोती सिंह प्राथमिक विद्यालय परिसर में घर से कुछ दूरी पर यूकेलिप्टस के पेड़ के पास पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करमा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। ग्राम प्रधान रामानंद ने बताया कि सुबह लगभग सात बजे घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने तक शव को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा चुका था। बाद में पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों के अनुसार अभिषेक करमा बाजार स्थित एक रिपेयरिंग दुकान पर काम करता था। परिजनों का कहना है कि वह गुरुवार रात खाना खाने के बाद घर की छत पर सोने गया था, लेकिन सुबह उसका शव विद्यालय परिसर के पास मिला। मृतक के पिता मनोज चौहान ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। वहीं, मृतक के एक रिश्तेदार ने बताया कि गुरुवार रात गांव का एक युवक विद्यालय परिसर में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ को काटने के लिए उसे रुपये का लालच दे रहा था, लेकिन उसने मना कर दिया था। इसके बाद वह वहां कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले में प्रभारी निरीक्षक सूर्यभान राम ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि यूकेलिप्टस का पेड़ काटते समय पेड़ युवक के ऊपर गिर गया, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। अभिषेक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
.jpg)