आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद (जौनपुर)। जफराबाद थाना क्षेत्र के इमलों पांडेय पट्टी गांव में मंगलवार देर रात एक घर के रसोईघर में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग जाने से हजारों रुपये मूल्य का घरेलू सामान एवं खाद्यान्न जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में सो रही महिलाओं को अपनी जान बचाने के लिए तत्काल बाहर भागना पड़ा। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अता रसूल रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं। घर पर उनकी पत्नी नाजमा और बेटियां रहती हैं। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। इसी दौरान देर रात अचानक रसोईघर से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे रसोईघर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की गर्मी और धुएं का एहसास होते ही नाजमा और उनकी बेटियां नींद से जाग गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वे किसी तरह घर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचीं। कुछ ही देर में आग ने रसोईघर में रखे अधिकांश सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
परिजनों के अनुसार आग से रसोईघर में रखा गैस चूल्हा, रसोई के बर्तन, लगभग 80 किलो चावल, एक कुंतल गेहूं, 50 किलो आटा, चार बोतल रिफाइंड तेल, करीब 20 किलो दाल सहित अन्य खाद्य सामग्री और घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। वहीं ग्रामीणों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था।
ग्राम प्रधान दशरथ बिंद ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है, ताकि नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने और आग लगने के कारणों की जांच कराने की मांग की है।
