देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के क्रियान्वयन हेतु चयनित ग्रामों की ग्राम विकास योजनाओं के अनुमोदन के संबंध में बैठक विकास भवन सभागार में संपन्न हुई।बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास रश्मि मिश्रा ने योजना के उद्देश्यों एवं प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में वर्ष 2018 से अब तक भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत कुल 196 ग्राम चयनित किए गए हैं। इनमें से 13 ग्राम नगरीय क्षेत्र में सम्मिलित हो जाने के कारण वर्तमान में 183 ग्राम योजना के अंतर्गत 12 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। अवशेष ग्राम पंचायतों के लिए कार्य योजना बनाई जा रही है।उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य 50 प्रतिशत या उससे अधिक अनुसूचित जाति आबादी वाले केंद्र सरकार द्वारा चयनित राजस्व ग्रामों का समग्र एवं एकीकृत विकास सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से अनुसूचित जाति एवं गैर-अनुसूचित जाति समुदायों के मध्य सामाजिक एवं आर्थिक असमानताओं को कम करने के साथ-साथ गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले अनुसूचित जाति परिवारों की जीवन गुणवत्ता में सुधार लाना है।योजना के अंतर्गत पेयजल एवं स्वच्छता,शिक्षा,स्वास्थ्य एवं पोषण,सामाजिक सुरक्षा,ग्रामीण मार्ग एवं आवास,विद्युत एवं स्वच्छ ईंधन,कृषि पद्धतियों का विकास,वित्तीय समावेशन,डिजिटलीकरण,आजीविका संवर्धन एवं कौशल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जाने हैं।बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम विकास योजनाओं की डीपीआर गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यपरक ढंग से तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराए जाएं।मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जिन ग्राम पंचायतों में पूर्व में अन्य विभागों द्वारा विकास कार्य कराए जा चुके हैं,उनका समुचित मिलान एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत उन्हीं कार्यों की पुनरावृत्ति न हो तथा संसाधनों का प्रभावी एवं न्यायसंगत उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।बैठक में परियोजना निदेशक,ग्राम्य विकास अभिकरण सुभाष चंद्र सरोज,जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र,प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार,सहायक प्रबंधन विकेश कुमार,कंप्यूटर ऑपरेटर रामविलास,समस्त सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित ग्रामों की ग्राम विकास योजनाओं के अनुमोदन हेतु बैठक संपन्न
जून 19, 2026
0
Tags
