देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। विकास खंड चोपन अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटा के टोला मिटीहिनिया में मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं ने आवास, बिजली एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा समाजसेवी दीपू विजय शर्मा ने किया।
ग्रामीण महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में लगभग एक वर्ष पूर्व बिजली के पोल लगाए गए थे, लेकिन अब तक विद्युत तार नहीं खींचे गए हैं, जिसके कारण पूरे टोले के लोग अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था शुरू न होने से बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। युवा समाजसेवी दीपू विजय शर्मा ने कहा कि हर घर जल योजना के तहत अब तक गांव में घर-घर नल कनेक्शन एवं टोटी नहीं लगाई गई है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की ओर से पानी का टैंकर भी उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम पंचायत के कई पात्र परिवार आज भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। प्रशासन को पात्र परिवारों का सर्वे कर शीघ्र आवास उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को पक्की छत मिल सके। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि मिटीहिनिया में जल्द विद्युत आपूर्ति शुरू कराई जाए, हर घर जल योजना का कार्य तत्काल पूरा कराया जाए तथा सभी पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। दीपू विजय शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी। मौके पर कुसुम, रीता देवी, पार्वती, संतरा, चंपा, कंचन, प्रियंका, लीलावती, मुन्नी, लोली, शुभवानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
.jpg)