आमिर, देवल ब्यूरो ,बक्शा, जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गंगाराम गौतम ने सोमवार को नौपेड़वा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त किया, वहीं क्षेत्र में संचालित अवैध नर्सिंग होम एवं अस्पतालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने अस्पताल पहुंचते ही विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और उपचार के लिए आए मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही लिखी जाएं तथा अनावश्यक रूप से बाहर की दवाओं के लिए न भेजा जाए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. गौतम ने जननी सुरक्षा योजना, प्रसव कक्ष (लेबर रूम), ओपीडी, दवा वितरण केंद्र सहित विभिन्न इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सकों के ओपीडी रजिस्टर की जांच कर प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या तथा उनके उपचार संबंधी विवरण की जानकारी प्राप्त की।
सीएमओ ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक सहित समस्त स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाने, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने तथा शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डॉ. मनीष सोनकर, डॉ. आलोक रघुवंशी, डॉ. अक्षय तोमर, डॉ. जनार्दन यादव, नेत्र सहायक जयप्रकाश, फार्मासिस्ट लालजी वर्मा, हेमंत मिश्र, नितेश यादव, प्रदीप चौधरी, कमलेश तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
