आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद (जौनपुर)। क्षेत्र में उस समय तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया जब एक स्थान पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा खंडित अवस्था में मिलने की सूचना फैल गई। घटना की खबर गांव और आसपास के क्षेत्रों में आग की तरह फैलते ही मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु एकत्र हो गए। लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने विरोध स्वरूप मार्ग पर टूटी हुई प्रतिमा रखकर जाम लगा दिया।
प्रतिमा खंडित होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को अवगत कराया। सूचना पाकर थाना प्रभारी मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन लोग नई प्रतिमा स्थापित किए जाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन और ग्राम प्रधान के सहयोग से तत्काल नई मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। उनके आश्वासन के बाद लोगों का आक्रोश कुछ कम हुआ।
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली इस घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता है, जिससे असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जफराबाद पुलिस के साथ-साथ जलालपुर थाना प्रभारी प्रशांत सिंह और गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी गंगाराम मिश्र भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की सूझबूझ, समझदारी और लगातार बातचीत के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों की तलाश कर रही है।
