कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत संयुक्त जिला चिकित्सालय अकबरपुर, वन स्टॉप सेंटर तथा वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने सर्किट हाउस में आयोजित जन चौपाल में महिलाओं एवं अन्य नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान माननीय उपाध्यक्ष ने सर्वप्रथम संयुक्त जिला चिकित्सालय अकबरपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद स्थापित करते हुए चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं, उपचार व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में स्थापित लिफ्ट के खराब पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उसे शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य चिकित्सकीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर माननीय उपाध्यक्ष ने जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किया गया।
इसके उपरांत उपाध्यक्ष ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया तथा वहां उपस्थित पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए सेंटर प्रबंधक एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी को पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
तत्पश्चात सर्किट हाउस में आयोजित जन चौपाल में माननीय उपाध्यक्ष ने महिलाओं एवं पीड़िताओं की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्राप्त शिकायतों के संबंध में उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन चौपाल में स्वयं सहायता समूहों की दीदियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की भी सक्रिय सहभागिता रही।
भ्रमण कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपाध्यक्ष ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां निवासरत वृद्धजनों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिन पात्र वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ प्राप्त नहीं हो रहा था, उनके प्रकरणों का संज्ञान लेते हुए उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर पात्र लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन से आच्छादित किए जाने के निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं समाज के कमजोर वर्गों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
