आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के वीरभानपुर ग्राम सभा में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बन्तरी गांव निवासी 70 वर्षीय दुलार यादव गुरुवार को मृत अवस्था में सड़क किनारे पाए गए। स्थानीय लोगों ने शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। हालांकि बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
चंदवक थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
