06 माह से वांछित चल रहा अभियुक्त गिरफ्तार, सरायमीर पुलिस ने घर पर दबिश देकर दबोचा
देवल संवाददाता, सरायमीर आजमगढ़। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना सरायमीर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। गोवध निवारण अधिनियम एवं अन्य गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 16 दिसम्बर 2025 को थाना सरायमीर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम डेमरी मकदुमपुर स्थित कब्रिस्तान के निकट गोवंश के अवशेष पड़े हुए हैं तथा कुछ गोवंशीय पशु संदिग्ध परिस्थितियों में बंधे हुए हैं। इस सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां गोवंश के अवशेष एवं पांच गोवंशीय पशु बरामद हुए। प्रथम दृष्टया मामला अवैध गोवध से संबंधित प्रतीत होने पर थाना सरायमीर पर मु0अ0सं0- 481/2025 धारा 3/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
विवेचना के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्तों के विरुद्ध मु0अ0सं0 35/2026 धारा 109(1)/3(5) बीएनएस, 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम, 3/25 आयुध अधिनियम एवं 11 पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत भी अभियोग पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे गिरफ्तारी अभियान के क्रम में आज दिनांक 12.06.2026 को अपराध निरीक्षक पंकज कुमार शुक्ला मय पुलिस टीम द्वारा ग्राम शेरवां में दबिश दी गई। इस दौरान मुकदमे में वांछित अभियुक्त मन्नान पुत्र मिठ्ठन को उसके घर से समय करीब 09:50 बजे गिरफ्तार कर चालान मा0 न्यायालय किया गया ।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
