आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर । जौनपुर थाना क्षेत्र के नहोरा गांव के समीप सई नदी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गईं छह किशोरियों में से तीन गहरे पानी में डूबने लगीं। हादसे में दो किशोरियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नहोरा गांव निवासी गुड़िया (17) पुत्री भोलानाथ, शिवांगी (17) पुत्री भैयालाल, गुंजा (18) पुत्री पारस, आंचल (17) पुत्री राधेश्याम, ननका उर्फ अंजलि (16) पुत्री छविनाथ तथा दीपा (17) पुत्री अमरनाथ एक साथ सई नदी में नहाने गई थीं। इसी दौरान नदी के गहरे हिस्से में पहुंच जाने से गुड़िया और शिवांगी डूबने लगीं। उन्हें बचाने के प्रयास में गुंजा भी पानी में फंस गई और डूबने लगी।
सहेलियों को डूबता देख साथ मौजूद अन्य किशोरियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जलालपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
काफी मशक्कत और खोजबीन के बाद पुलिस एवं ग्रामीणों ने गुड़िया और शिवांगी के शव नदी से बरामद कर लिए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं गंभीर रूप से डूबी गुंजा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की खबर मिलते ही मृतक किशोरियों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है और पूरे क्षेत्र में मातमी माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने बताया कि मामले की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने नदी किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
