देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में संपन्न हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों,विभागवार दायित्वों तथा जनजागरूकता गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.के. यादव ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद में 01 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत वेक्टर जनित रोगों,जल जनित रोगों एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम,नियंत्रण तथा जनजागरूकता के लिए विभिन्न विभागों द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा।उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में संचारी रोगों के फैलने की संभावना बढ़ जाती है,इसलिए आमजन को साफ-सफाई,स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है। उन्होंने रेबीज से बचाव के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी व्यक्ति को कुत्ता अथवा अन्य कोई जानवर काट ले तो सबसे पहले घाव को साबुन और स्वच्छ पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए तथा कुछ समय तक रक्तस्राव होने देना चाहिए। इसके पश्चात बिना विलंब किए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सालय में जाकर उपचार एवं एंटी रेबीज टीकाकरण कराना चाहिए।समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह जलापूर्ति के लिए उपयोग किए जाने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच (टेस्टिंग) कराई जाए तथा वर्ष में कम से कम एक बार पानी की टंकियों की अनिवार्य रूप से सफाई कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकर एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में वेक्टर जनित रोगों, जल जनित रोगों,दस्त रोग तथा स्वच्छता संबंधी उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए,ताकि आमजन रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक हो सकें।उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान को केवल औपचारिकता या कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि निर्धारित दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसकी सफलता के लिए सभी विभागों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग,पंचायती राज विभाग,नगर निकाय,शिक्षा विभाग,बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें,जिससे जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके और आमजन को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर पंकज कुमार राय,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय गुप्ता,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आर एन सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय,जिला कृषि अधिकारी सोमनाथ गुप्ता,प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
