देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद 11 माह बीत जाने के बाद भी जमीन की पत्थरगड्डी (सीमांकन) नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारी दबंग व्यक्ति के प्रभाव में आकर मामले में लगातार हीलाहवाली कर रहे हैं। इस संबंध में पीड़ित ने जिलाधिकारी सोनभद्र एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम बनौरा प्रथम, थाना पन्नूगंज निवासी मुल्ला खान पुत्र स्वर्गीय अरमान खान ने आरोप लगाया कि डिप्टी कलेक्टर रॉबर्ट्सगंज के न्यायालय द्वारा 25 जून 2025 को आराजी संख्या 198 मि. की पत्थरगड्डी कर सीमांकन कराने का आदेश पारित किया गया था। न्यायालय ने राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सीमांकन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। पीड़ित का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बाद भी आज तक सीमांकन की कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि कभी धान की फसल तो कभी गेहूं की फसल का बहाना बनाकर कार्रवाई को टाला जाता रहा है। आरोप है कि संबंधित कानूनगो एवं लेखपाल जानबूझकर मामले में देरी कर रहे हैं। मुल्ला खान का कहना है कि उनकी भूमि के कुछ हिस्से पर एक दबंग व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा किया गया है और उसी के प्रभाव में राजस्व कर्मी कार्रवाई से बच रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित मुल्ला खान अपने अधिवक्ता पुत्र शाहनवाज आलम खान के साथ डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, सोनभद्र कार्यालय पहुंचे और शिकायत पत्र देकर न्यायालय के आदेश का शीघ्र अनुपालन कराए जाने की मांग की। उन्होंने जिलाधिकारी से भी मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा भूमि का सीमांकन कराए जाने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं पीड़ित पक्ष न्यायालय के आदेश के अनुपालन और प्रशासनिक हस्तक्षेप की प्रतीक्षा कर रहा है।
.jpg)