देवल संवाददाता, मुबारकपुर, आजमगढ़। थाना मुबारकपुर पुलिस ने पानी के विवाद में हुए जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 03 पुरुष एवं 04 महिला अभियुक्तों सहित कुल 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त 03 लकड़ी के डंडे एवं 01 लोहे का फावड़ा भी बरामद किया गया है। दिनांक 12.06.2026 को ग्राम देवकली तारन निवासी वादी यशवंत कुमार पुत्र विंध्याचल द्वारा थाना मुबारकपुर में दी गई तहरीर के अनुसार, वह अपने घर के सामने लगे नए समरसेबल से पानी की सफाई कर रहा था। इसी दौरान शाम लगभग 5:30 बजे पड़ोसी पक्ष के गोलू, पंकज, चन्द्रमा, सुषमा, कुसुम, अनुष्का एवं पुष्पा देवी एक राय होकर लाठी-डंडा व फावड़ा लेकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। फावड़े से सिर पर वार किए जाने से वादी गंभीर रूप से घायल हो गया तथा खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए उसके चचेरे भाई कृष्णा कुमार को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में थाना मुबारकपुर पर मु0अ0सं0- 221/2026, धारा 3(5), 109(1), 115(2), 352, 351(3) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
दिनांक 12.06.2026 को व0उ0नि0 वीरेन्द्र यादव मय पुलिस टीम द्वारा इब्राहिमपुर बाजार में चेकिंग के दौरान मुखबिर खास की सूचना पर गोछा पुल के पास घेराबंदी कर सभी 07 वांछित अभियुक्तों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान महिला अभियुक्ताओं को महिला पुलिस कर्मियों की अभिरक्षा में लिया गया।
