बर्मिंघम के एजबेस्टन में साउथ अफ्रीका की टीम ने पाकिस्तान महिला टीम को दो विकेट से मात दी। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने इस महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की, जबकि ये पाकिस्तान की दूसरी हार रही।
इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को 64 रन से हराया था। पाकिस्तान ने अफ्रीका के खिलाफ मैच में निर्धारित 20 ओवर में पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 126 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में अफ्रीका की टीम ने 8 विकेट खोकर 19 गेंद बाकी रहते हुए 127 रन का लक्ष्य हासिल किया।
कप्तान फातिमा का अर्धशतक गया बेकार
दरअसल, पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना ने मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था, लेकिन उनकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 14 रन के स्कोर पर टीम ने अपने 4 विकेट गंवा दिए थे और इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 126 रन ही बनाए।
फातिमा सना ने 38 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 55 रन की पारी खेली तो तुबा हसन ने 23 रन बनाए। पाकिस्तान की 7 ऐसी बल्लेबाज रहीं, जो दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सकीं।
एनेरी डर्कसेन का शतक 127 रन का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। महज 11 रन के स्कोर पर टीम को पहला झटका लगा। दूसरे विकेट के लिए लौरा वॉलवार्ट और एनेरी डर्कसेन के बीच 42 रन की साझेदारी बनी।
इसके बाद विकेट लगातार गिरते रहे, लेकिन इसके बावजूद अफ्रीका टीम 16.5 ओवर में 127 रन बनाकर ये मैच जीत गई। एनेरी ने 35 गेंद पर 52 रन और नादिन डी क्लार्क ने 28 गेंद पर 37 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की तरफ से फातिमा सना ने 2.5 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट चटकाए, लेकिन वह पाकिस्तान की टीम को दूसरा मैच हारने से नहीं बचा पाई।
ICC Women's T20 WC Points Table: अंक तालिका का क्या हाल?
मैच में मिली हार के बाद आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ग्रुप-ए की अंक तालिका में पाकिस्तान महिला टीम -2.263 के नेट रन रेट के साथ पांचवें पायदान पर पहुंच गई, जबकि साउथ अफ्रीका की टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई। भारतीय टीम अपने दोनों शुरुआती मैच जीतकर 4 अंक के साथ टॉप पर है।
