कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।आलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार देर रात हुई हैवानियत की वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। घर की दहलीज भी सुरक्षित नहीं रही। गांव का आपराधिक प्रवृत्ति का युवक सत्यम रात साढ़े ग्यारह बजे दीवार फांदकर और रोशनदान के रास्ते घर में घुस गया। कमरे में सो रही 21 वर्षीय युवती को अपनी हवस का शिकार बनाने के लिए उस पर टूट पड़ा।आरोपी ने युवती के कपड़े फाड़ दिए और जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवती के विरोध करने पर उसका मुंह दबाकर चीख बंद करने की कोशिश की। युवती की चीख-पुकार सुनकर माता-पिता भागकर कमरे में पहुंचे तो आरोपी उनसे उलझ गया। इसी दौरान आरोपी के परिजन और अन्य साथी लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंच गए और पूरे पीड़ित परिवार पर हमला बोल दिया। हमले में युवती के माता-पिता के सिर और माथे पर गहरी चोटें आईं। युवती खुद घायल हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची पड़ोसी महिला और उसका बेटा भी लहूलुहान हो गए। पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।
घटना की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।घटना के तुरंत बाद आरोपी पक्ष थाने पहुंच गया और पीड़ित परिवार के खिलाफ ही तहरीर देकर दबाव बनाना शुरू कर दिया। वहीं मेडिकल कॉलेज से लौटकर पीड़िता के पिता ने आरोपी सत्यम, उसके परिजनों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विस्तृत तहरीर दी। परिवार का आरोप है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पुलिस कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित परिवार पर समझौते और दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। लोग कह रहे हैं कि यदि इस बार आरोपी बच गए तो कानून-व्यवस्था पर लोगों का भरोसा पूरी तरह टूट जाएगा। अभी तक पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है। पीड़ित परिवार अब उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की तैयारी में है।
