देवल संवाददाता,बूढ़नपुर के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सरैया स्थित प्रसिद्ध पौहारी बाबा सरोवर में शुक्रवार सुबह स्नान के दौरान एक 20 वर्षीय युवती की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। काफी प्रयास के बावजूद युवती को बचाया नहीं जा सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कुसुम देवी 20 वर्ष पुत्री शिवपूजन, निवासी ग्राम नीवा, हुसैनपुर थाना रामनगर, जनपद अंबेडकरनगर, अपने परिवार के साथ पौहारी बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आई हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह मंदिर परिसर स्थित रामसागर पोखरी सरोवर में स्नान करने गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सरोवर की सीढ़ियों पर अत्यधिक काई जमी होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई।
युवती को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौके पर जुट गए। काफी मशक्कत के बाद युवती का शव सरोवर से बाहर निकाला गया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सरोवर की सीढ़ियों पर लंबे समय से काई जमी हुई है, जिससे फिसलने की घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इस समस्या की ओर ध्यान दिलाए जाने के बावजूद मंदिर प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है।
सूचना मिलने पर अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सरोवर की सीढ़ियों की नियमित सफाई कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।