देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना के तहत पात्र परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए जिले में सत्यापन अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में खुली बैठक आयोजित कर चयनित लाभार्थियों की पात्रता का सत्यापन कराया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को ग्राम पंचायत पेटराही के पंचायत भवन में खुली बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्राम प्रधान साधना पांडेय, पंचायत सचिव तथा ग्रामीणों की उपस्थिति में योजना के लिए चयनित 208 संभावित लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई गई। इसके बाद ग्रामीणों से सूची पर सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की गईं तथा पात्रता के विभिन्न मानकों के आधार पर लाभार्थियों का
सत्यापन किया गया। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक नाम पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद बैठक का प्रस्ताव ग्राम प्रधान साधना पांडे द्वारा अनुमोदित कर अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया गया। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना को गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से अब उनका पक्के घर का सपना पूरा होने की उम्मीद जगी है। लोगों ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण स्वयं मकान बनाना संभव नहीं था, लेकिन योजना के माध्यम से उन्हें सुरक्षित आवास मिल सकेगा। बैठक में पत्रकार धर्मेंद्र कुमार पांडे, ललित पांडे, मिथिलेश पांडे, प्रधान प्रतिनिधि राजमणि, समाजसेवी पंकज पांडे, पंचायत सहायक मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस सत्यापन अभियान को लेकर ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखा गया।
.jpg)