देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनन्द वर्द्धन के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले योग सप्ताह (15 जून से 20 जून, 2026) एवं 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम (21 जून, 2026) की तैयारियों की समीक्षा हेतु जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने 21 जून, 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम के लिए अम्बेडकर पार्क, भुजौटी,मऊ को निर्धारित स्थल बताते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर दरी,टेंट, पेयजल,ध्वनि विस्तारक यंत्र (माइक),प्रतिभागियों हेतु टी-शर्ट, चिकित्सा सुविधा एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में 15 जून से 20 जून, 2026 तक योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान तहसील,विकासखंड,ग्राम पंचायत एवं समस्त विभागीय कार्यालयों में नियमित रूप से योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक कार्यालयाध्यक्ष द्वारा एक नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा,जो अपने संस्थान में योग सप्ताह के सफल संचालन एवं प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि नामित नोडल अधिकारियों को आयुष विभाग के योग मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे वे अपने-अपने संस्थानों में योगाभ्यास कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन कर सकें। योग सप्ताह के दौरान विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का अभ्यास कराया जाएगा तथा लोगों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जाएगी।बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि योग सप्ताह का शुभारंभ उद्घाटन समारोह के माध्यम से पुलिस लाइन,मऊ में प्रातःकाल से किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में माननीय मंत्रीगण,विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त तहसील मुख्यालयों,विकासखंडों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में योग सप्ताह एवं योग दिवस से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं,बल्कि मानसिक शांति,तनाव मुक्ति एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का प्रभावी साधन है। योग सप्ताह के दौरान व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को नियमित योगाभ्यास हेतु प्रेरित किया जाएगा।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आयुष विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन हेतु तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
जून 09, 2026
0
Tags
