देवल संवाददाता, गाजीपुर। आगामी सावन माह, काँवड़ यात्रा एवं मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार, गाजीपुर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी ताजियादारों के साथ बैठक कर अवगत करा दिया जा कि कोई भी ताजियॉ 10 फीट से उपर न बनायी जाय। जुलूस में किसी प्रकार का अस्त्र सस्त्र का प्रदर्शन न किया जाय ऐसा करते हुए पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की जायेगाी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वेद सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, पुलिस अधीक्षक शहरी राकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल, मुख्य राजस्व अधिकारी सुनिल कुमार त्रिवेदी, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने आगामी त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयासों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अराजक एवं असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध समय रहते प्रभावी एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा निरंतर भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को अनिवार्य रूप से बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, डंडा एवं अन्य दंगा नियंत्रण उपकरण साथ रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए। बैठक में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले किसी भी पोस्ट अथवा संदेश की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त सभी पुलिस वाहनों में लाउड हेलर एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय रखने तथा उनके माध्यम से आमजन को शांति, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने के लिए निरंतर जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के लिए भी निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर क्षेत्र भ्रमण करें तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे जनपद में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।
