आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार तड़के लगभग 2 बजे सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के रानी की मोड़ के पास पुलिस और एक लाख रुपये के इनामी मुख्य आरोपी रवि यादव के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हुई जवाबी कार्रवाई में रवि यादव मारा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस को रवि यादव की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सरायख्वाजा थाना पुलिस और लाइन बाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख रवि यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान एक लाख का इनामी और दूल्हा हत्याकांड का मुख्य आरोपी रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, मुठभेड़ में थाना लाइन बाजार के प्रभारी निरीक्षक (SHO) केके सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि रवि यादव लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस कार्रवाई को जौनपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों द्वारा पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही आधिकारिक बयान जारी किए जाने की संभावना है। मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
.jpeg)