संघर्ष और मेहनत की मिसाल बने लोकेश मौर्य, समाजसेवियों व जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानित
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।आलापुर विधानसभा क्षेत्र के रामनगर पूर्वी अंतर्गत ग्राम बौराव निवासी लोकेश मौर्य ने प्रथम प्रयास में ही प्रयागराज जोन में CCTS पद प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से आने वाले लोकेश की यह सफलता आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा लगातार लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं।लोकेश मौर्य के पिता सत्यम मौर्य ऑटो चालक हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। माता कंचन देवी ने भी परिवार की जिम्मेदारियों के बीच बेटे को हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। लोकेश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजस्थान बोर्ड से पूरी की। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई उन्होंने अपने दादाजी राम हृदय मौर्य के संरक्षण में की, जो राजस्थान में सेवानिवृत्त अध्यापक हैं। दादाजी के अनुशासन और मार्गदर्शन का ही परिणाम रहा कि लोकेश ने बचपन से ही शिक्षा के प्रति गंभीरता दिखाई।प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए लोकेश रामनगर स्थित मार्गदर्शिका लाइब्रेरी में रहकर लगातार अध्ययन करते रहे। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पूरे आत्मविश्वास के साथ तैयारी जारी रखी। उनकी मेहनत रंग लाई और प्रथम प्रयास में ही प्रयागराज जोन में CCTS पद हासिल कर उन्होंने सफलता का नया इतिहास रच दिया। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, दादाजी, बड़ी बहन ज्योत्सना मौर्य, छोटी बहन संजना मौर्य, चाचा दिवाकर मौर्य तथा परिवार के अन्य सदस्यों को दिया है।लोकेश की सफलता पर उन्हें सम्मानित करने के लिए समाजसेवी रमेश मौर्य अपनी टीम के साथ उनके आवास पहुंचे। इस अवसर पर बहुजन समाज पार्टी के नेता एवं रामनगर पूर्वी क्षेत्र से भावी प्रत्याशी सदस्य जिला पंचायत जयप्रकाश मौर्य, प्रधान दीपक मौर्य शाहपुर औरांव, राहुल मौर्य, विजय मौर्य (अध्यापक), शशि मौर्य तथा नव्या ग्रीन फाउंडेशन के अध्यक्ष नीरज मौर्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने माल्यार्पण कर तथा मिठाई खिलाकर लोकेश का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समाजसेवी रमेश मौर्य ने कहा कि लोकेश मौर्य की सफलता यह साबित करती है कि मेहनत और लगन के सामने अभाव भी हार मान लेते हैं। उन्होंने कहा कि एक ऑटो चालक पिता ने संघर्ष करते हुए अपने बेटे को अधिकारी बनाकर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी संदेश है, जो संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों को अधूरा मान लेते हैं।वहीं बसपा नेता जयप्रकाश मौर्य ने कहा कि लोकेश मौर्य ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। साथ ही उन्होंने युवाओं से लोकेश मौर्य से प्रेरणा लेकर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मन लगाकर मेहनत करने की अपील की।
