देवल संवाददाता, आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री Om Prakash Rajbhar ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और विपक्षी राजनीति पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के बयानों, ईवीएम विवाद, बिजली कटौती और ‘वंदे मातरम’ जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का बिना समय लिए मायावती से मिलने पहुंचना केवल समाजवादी पार्टी पर दबाव बनाने की राजनीतिक रणनीति थी। उन्होंने कहा, “किसी बड़े नेता से मिलने से पहले समय लिया जाता है, लेकिन कांग्रेस के लोग सीधे मायावती जी से मिलने पहुंच गए। उनका उद्देश्य सपा को यह संदेश देना था कि वे बसपा से भी समझौता कर सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि Mayawati एक बड़ी नेता हैं और भविष्य में किसी भी राजनीतिक समीकरण को बदल सकती हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि असली तस्वीर चुनाव परिणाम आने के बाद ही साफ होगी।
कांग्रेस नेता Rahul Gandhi द्वारा प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah पर दिए गए बयानों को लेकर राजभर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हम ऐसे बयानों की निंदा करते हैं। जो खुद साइकिल चोर होता है, वह दूसरों को भी चोर समझता है।”
राजभर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की छवि खराब करते हैं। वहीं विपक्ष द्वारा ईवीएम पर उठाए जा रहे सवालों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम में गड़बड़ी है तो केरल में कांग्रेस की सरकार कैसे बनी।
सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ शब्द और Akhilesh Yadav के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि एक जज द्वारा युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहे जाने के बाद युवाओं में नाराजगी बढ़ी और यही शब्द सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। उन्होंने कहा, “यह जनता और युवाओं का गुस्सा है, जो कुछ दिनों में शांत हो जाएगा।”
प्रदेश में भीषण गर्मी और बिजली कटौती के सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार गांवों में 18 घंटे और कस्बों में 22 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बढ़ती बिजली खपत को समस्या का मुख्य कारण बताया।
राजभर ने कहा, “अब गांवों में भी बड़ी संख्या में एसी और कूलर चल रहे हैं। बिजली कटौती नहीं, बल्कि अत्यधिक खपत के कारण दबाव की स्थिति बनी है।”
मदरसों और विद्यालयों में ‘वंदे मातरम’ अनिवार्य किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाले हर नागरिक को राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “चाहे हिंदू हो, मुसलमान, सिख या ईसाई—अगर भारत में रहना है तो ‘वंदे मातरम’ कहना होगा। उत्तर प्रदेश में इसे पूरी तरह लागू किया जाना चाहिए।”
