देवल संवाददाता, आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में फर्जी बैनामा और बैंक खाते के माध्यम से धोखाधड़ी कर धनराशि हड़पने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Dr. Anil Kumar के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के नेतृत्व में थाना बिलरियागंज पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को थाना बिलरियागंज में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि वादिनी की जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा कराया गया और बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी बैंक खाता खुलवाकर उसमें बैनामे की धनराशि ट्रांसफर कर ली गई। बाद में खाते से पूरी रकम निकाल ली गई।
इस मामले में थाना बिलरियागंज पर मु0अ0सं0 90/2026 धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120-बी भादवि के तहत शाह आलम, सादिक तथा अज्ञात बैंक कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
शुक्रवार 22 मई 2026 को थाना बिलरियागंज पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त मोहल्ला गुलामी पुरा थाना कोतवाली जनपद आजमगढ़ में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जामेतुर रेहसास मदरसा के पास घेराबंदी कर आरोपी मो0 शाहआलम पुत्र स्वर्गीय बदरूद्दीन निवासी करमैनी थाना बिलरियागंज, हाल पता गुलामी पुरा थाना कोतवाली जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 54 वर्ष को सुबह करीब 9:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अभियुक्त को उसके अपराध की जानकारी देते हुए नियमानुसार हिरासत में लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
गिरफ्तार अभियुक्त
मो0 शाहआलम पुत्र स्व0 बदरूद्दीन निवासी करमैनी थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़, हाल पता गुलामी पुरा थाना कोतवाली जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 54 वर्ष।
