देवल संवाददाता, बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के अतरौलिया थाना अंतर्गत नेबुआडीह गांव निवासी बिंद्रावती देवी (46) पत्नी हरिशंकर की छत से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि बिंद्रावती देवी शनिवार को अपने घर की छत पर मिट्टी डालने का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका अपने पीछे चार पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं, जिनमें दो पुत्रों की शादी हो चुकी है। पति हरिशंकर खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार बिंद्रावती देवी बेहद कर्मठ, सुशील और मेहनती महिला थीं, जो परिवार के कार्यों में हमेशा आगे रहती थीं। उनकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रविवार को उनका अंतिम संस्कार अंबेडकर नगर जिले के कम्हरिया घाट पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद रहे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना हल्का लेखपाल को दी गई थी, लेकिन सूचना के बावजूद वह मौके पर नहीं पहुंचे। परिजनों का कहना है कि मृतका किसान थीं और उनके नाम कृषक भूमि दर्ज है, जिससे उन्हें दुर्घटना बीमा योजना का लाभ मिल सकता है। परिजनों ने बताया कि मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी एवं मुख्यमंत्री पोर्टल पर की जाएगी।

.jpeg)