केशवपुर गांव में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, ग्राम प्रधान ने अधिकारियों पर लगाया अनदेखी का आरोप
देवल संवाददाता, आजमगढ़। विकासखंड कोयलसा के केशवपुर गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराने का मामला सामने आया है। गांव के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र निषाद ने आरोप लगाया है कि गांव में तैनात सफाईकर्मी मधुप कुमार बीते 28 फरवरी से आज तक गांव में सफाई करने नहीं आए हैं, जिसके चलते पंचायत भवन समेत गांव की सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। हालात ऐसे हैं कि ग्राम प्रधान को खुद झाड़ू उठाकर पंचायत भवन की सफाई करनी पड़ रही है।
ग्राम प्रधान धर्मेंद्र निषाद ने बताया कि सफाईकर्मी की लगातार अनुपस्थिति की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और डीपीआरओ से की गई, लेकिन हर बार केवल “आजकल भेज दिया जाएगा” कहकर मामले को टाल दिया गया। उन्होंने कहा कि महीनों बीत जाने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्राम प्रधान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में नियुक्त सफाईकर्मी मधुप Kumar कथित रूप से पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के यहां रसोइये का काम कर रहा है, जबकि गांव की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सफाईकर्मी गांव में मौजूद ही नहीं रहेगा तो पंचायत भवन और गांव की नियमित सफाई कैसे होगी।
इस दौरान ग्राम प्रधान खुद पंचायत भवन में झाड़ू लगाते नजर आए, जिसका वीडियो और तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। ग्रामीणों में भी सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
ग्राम प्रधान धर्मेंद्र निषाद ने जिला प्रशासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए मामले की जांच कर अविलंब कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।