आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ तथा पुलिस प्रशासन को सक्रिय बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का साप्ताहिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित प्रकरणों की स्थिति का गहनता से जायजा लिया।
एसएसपी ने विशेष रूप से विशेष एलआईयू शाखा एवं शक्ति मोबाइल से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालय में रखे जाने वाले अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता बनाए रखना पुलिस विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आमजन को त्वरित न्याय और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की नसीहत देते हुए कहा कि कार्यालय की व्यवस्थाएं बेहतर होने से आम जनता को भी राहत मिलती है और पुलिस की कार्यक्षमता में सुधार आता है। निरीक्षण के दौरान कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के इस औचक निरीक्षण के बाद पुलिस कार्यालय में सक्रियता बढ़ गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों में कार्यों के प्रति गंभीरता और सजगता साफ देखने को मिली।
