आमिर, देवल ब्यूरो ,शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय पुलिस ने अपहरण के एक मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के खरौना गांव निवासी एक व्यक्ति ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 16 वर्षीय बहन को गांव का ही मोहित राजभर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 7 मई को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में सोमवार सुबह पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी मोहित राजभर को खरौना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
थाना पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने की बात स्वीकार की। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
.jpeg)