देवल संवाददाता, बूढ़नपुर, आजमगढ़।विकासखंड कोयलसा क्षेत्र के रतनावे गांव स्थित पोखरे के किनारे नवनिर्मित छठ माता मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।
ग्राम प्रधान धर्मराज यादव ने बताया कि गांव में छठ माता मंदिर के निर्माण से डाला छठ सहित अन्य धार्मिक अवसरों पर श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना करने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मंदिर के निर्माण से गांव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की पूर्णाहुति के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही ब्राह्मणों एवं जरूरतमंद गरीब लोगों को वस्त्र वितरित कर सेवा कार्य भी किया गया।
कार्यक्रम में लल्लन दास, जयराम यादव, हरिशंकर यादव, राधेश्याम यादव, शिवकुमार सेठ सहित ग्राम पंचायत के अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे गांव में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने छठ माता से सुख-समृद्धि की कामना की।