देवल संवाददाता, आजमगढ़। बूढ़नपुर स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब शाखा प्रबंधक विकास त्रिपाठी के स्थानांतरण पर उनके सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। श्री त्रिपाठी का तबादला मदियापार शाखा में होने पर बैंक कर्मियों और क्षेत्रीय लोगों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विकास त्रिपाठी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शाखा ने न केवल वित्तीय सेवाओं को बेहतर बनाया, बल्कि ग्राहकों के साथ विश्वास का मजबूत रिश्ता भी कायम किया। उनके सरल स्वभाव और कार्य के प्रति समर्पण को सभी ने याद किया।
इस मौके पर नवनियुक्त शाखा प्रबंधक के रूप में अमन सिंह ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि वे अपने पूर्ववर्ती के पदचिन्हों पर चलते हुए बैंक की सेवाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक उदयराज यादव द्वारा किया गया, जिन्होंने अपने प्रभावी संबोधन से समारोह को गरिमा प्रदान की।
समारोह में जितेंद्र प्रसाद, पल्लवी, शुभम दूबे, शुभम यादव, भास्कर त्रिपाठी, श्रीराम यादव, संदीप सिंह, अनुराग सिंह, आदित्य सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, आशीष सिंह, जय गोविन्द, अरुण सिंह, मनोज दूबे, दिलीप कुमार पाण्डेय सहित समस्त बैंक मित्र एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने विकास त्रिपाठी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
