आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले में स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार बढ़ रही उपभोक्ताओं की शिकायतों के बीच विद्युत विभाग ने बड़ी पहल करते हुए शिकायत निस्तारण व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला लिया है। अब जिले के सभी 33/11 विद्युत उपकेंद्रों पर स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याओं के लिए अलग से विशेष रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें दर्ज शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
विद्युत वितरण मंडल-प्रथम के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में हो रही देरी के कारण उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई उपभोक्ताओं को बार-बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी।
इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने सभी संबंधित अवर अभियंताओं (JE) को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने विद्युत उपकेंद्रों पर स्मार्ट मीटर शिकायतों के लिए अलग रजिस्टर की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करें। इस रजिस्टर में दर्ज प्रत्येक शिकायत का समाधान उपखंड अधिकारी (SDO) और अवर अभियंता के माध्यम से प्रतिदिन अथवा अधिकतम अगले कार्य दिवस तक करना अनिवार्य होगा।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी शिकायत के समाधान में तकनीकी या अन्य किसी प्रकार की दिक्कत आती है तो संबंधित अधिकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना देंगे, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जा सके।
बिजली विभाग का मानना है कि इस नई व्यवस्था से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता आएगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। साथ ही विभागीय जवाबदेही भी तय हो सकेगी।
यह व्यवस्था केराकत ग्रामीण, जौनपुर नगर, बक्शा समेत जिले के सभी संबंधित विद्युत उपकेंद्रों पर तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
