आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह गुरुवार को पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिए। उन्होंने नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, तिराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने जेसीस चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, वाजिदपुर तिराहा समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों, अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण उत्पन्न हो रही जाम की समस्या पर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए।
एसएसपी ने विशेष रूप से स्कूलों, बाजारों और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोडवेज परिसर भी पहुंचे, जहां उन्होंने एआरएम के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन की समीक्षा की। इस दौरान बसों के सुचारु संचालन, पार्किंग व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि रोडवेज परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए।
एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से सक्रिय रहकर यातायात संचालन करने तथा आमजन के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
.jpeg)