आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसेवा के मूल मंत्र से अवगत कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और भारत की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि भाजपा की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता और उसकी राष्ट्रवादी विचारधारा है, जिसने संगठन को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाया है।
उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प दिलाते हुए कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, विचार और संगठन सर्वोपरि होते हैं। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानकर कार्य करता है और यही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है।
जल शक्ति मंत्री ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें विनम्रता, सादगी और सेवा भाव के साथ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख के सहभागी बनें तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।
केंद्र की भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर घर नल से जल, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं के लाभार्थियों से लगातार संपर्क बनाए रखने और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
अपने संबोधन में स्वतंत्र देव सिंह ने संगठनात्मक अनुशासन, शुचिता और समर्पण के महत्व पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का वर्तमान वैभव लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और अथक परिश्रम का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अहंकार से दूर रहकर सेवा को ही अपना मूल मंत्र बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलकर भाजपा ने देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे इन आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गिरीश चन्द्र यादव, रमेश मिश्र, बृजेश सिंह, मनीष शुक्ला, के.पी. सिंह, महेश चन्द्र श्रीवास्तव, अशोक चौरसिया, सुशील उपाध्याय, कृपाशंकर सिंह, अजय शंकर दुबे, पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, अजय सिंह, मनोरमा मौर्य, गीता बिंद सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठन की मजबूती, सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें जनसेवा के प्रति और अधिक प्रेरित करना रहा।
