देवल संवाददाता, आजमगढ़। पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन और जीत की खुशी में आजमगढ़ जिले में जश्न का माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया। जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं, अबीर-गुलाल उड़ाया गया और ‘भारत माता की जय’ व ‘जय श्रीराम’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
आजमगढ़ शहर में भाजपा कार्यकर्ता मुख्य चौक स्थित दक्षिण मुखी देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन कर जीत के लिए आभार व्यक्त किया। इसके बाद वहां से एक भव्य विजय जुलूस निकाला गया, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए तकिया क्षेत्र तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहगीरों का मुंह मीठा कराया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं के चेहरे खुशी से खिले नजर आए।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष (आजमगढ़ सदर) ध्रुव सिंह के नेतृत्व में जिला कार्यालय पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर ध्रुव सिंह ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंसा और अराजकता की राजनीति को जनता ने नकार दिया है और विकास के पक्ष में अपना मत दिया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह जुटे रहने का आह्वान किया।
इस मौके पर श्रीकृष्ण पाल, प्रेम प्रकाश राय, सतेन्द्र राय, ऋषिकेश दूबे, पवन सिंह मुन्ना, मनोज गिरी, अवनीश मिश्रा, मृगांक शेखर सिन्हा समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसी क्रम में अतरौलिया क्षेत्र में भी भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर नजर आया। जिला अध्यक्ष (लालगंज) विनोद राजभर के नेतृत्व में एक भव्य विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। जुलूस का शुभारंभ स्थानीय निरीक्षण भवन से हुआ और केसरी सिंह चौक तक पहुंचा। हाथों में पार्टी का झंडा लिए कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते आगे बढ़े और पूरे रास्ते नारेबाजी करते रहे।
केसरी सिंह चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विनोद राजभर ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने कुशासन और हिंसा की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विजन और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह शुरुआत है और आने वाले समय में भाजपा देशभर में और मजबूती से अपनी पकड़ बनाएगी।
जुलूस के समापन पर कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी साझा की। इस दौरान अभिषेक सिंह सोनू, फूलचंद यादव, नीरज तिवारी, जयप्रकाश पांडे, देवनारायण पांडे, चन्द्रजीत तिवारी, सुनील पांडे, सुभाष निषाद, रमेश सिंह रामू, धर्मेंद्र निषाद उर्फ राजू, प्रदीप पांडे, प्रवीण सिंह, संजय सिंह शक्कू सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिले भर में हुए इस जश्न ने साफ कर दिया कि भाजपा कार्यकर्ताओं में जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह है और वे इसे बड़े जनसमर्थन का प्रतीक मान रहे हैं।
