आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कोतवाली जौनपुर पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। रासमण्डल निवासी राहुल राय ने पड़ोसी के साथ प्लास्टर निर्माण को लेकर चल रहे विवाद की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी। वहीं प्रियंका श्रीवास्तव ने ताला खुलवाने से संबंधित विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बातें सुनीं और आपसी सहमति व प्रशासनिक हस्तक्षेप के माध्यम से मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया।
इसके अतिरिक्त जितेंद्र कुमार एवं पुष्पेन्द्र पाल तथा अशोक कुमार जायसवाल और अनुराग गुप्ता निवासी तारतला द्वारा प्रस्तुत शिकायतों को संबंधित थाना प्रभारी को हस्तांतरित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मामलों की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है। इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निस्तारण किया जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद और राजस्व से जुड़े मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच करे तथा निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आम नागरिकों को त्वरित न्याय और राहत दिलाने का प्रभावी माध्यम है। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं की बात धैर्यपूर्वक सुननी चाहिए तथा पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर आयुष श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट इन्द्र नन्दन सिंह, कोतवाली प्रभारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
.jpeg)