देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के किरबिल गांव स्थित विषघरवा टोला में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा, जिससे घर क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर मौजूद तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में सहदेव प्रसाद उम्र 65 वर्ष, चंपा देवी उम्र 45 वर्ष और चार वर्षीय विशाल घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया। यहां तैनात चिकित्सक डा. शिशिर श्रीवास्तव ने प्राथमिक उपचार के बाद चंपा देवी की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल महिला के पति रामाश्रय के अनुसार, बभनी की ओर से आया ट्रक पास के पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के बाद सड़क किनारे खड़ा किया गया था। चालक लघुशंका के लिए उतर गया, लेकिन संभवतः हैंडब्रेक नहीं लगाने के कारण ट्रक धीरे-धीरे आगे बढ़ा और सीधे उनके मकान में जा घुसा। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
.jpeg)