आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद । जौनपुर थाना क्षेत्र के समोपुर खुर्द गांव में शनिवार देर रात घर में सो रहे एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समोपुर खुर्द निवासी राकेश गौतम (32) पुत्र स्वर्गीय केदारनाथ शनिवार रात लगभग 12 बजे अपने घर में सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान दो युवक उनके घर पहुंचे और उन्हें जगाकर मारपीट शुरू कर दी। हमले में राकेश गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर व शरीर पर चोटें आईं।
घायल युवक का आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल की मुठिया से हमला कर उन्हें घायल किया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजा तथा मेडिकल परीक्षण कराया।
वहीं मामले को लेकर जफराबाद थाना प्रभारी ने पिस्टल की मुठिया से हमला किए जाने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि प्रारंभिक जांच में युवक पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
