आमिर, देवल ब्यूरो ,जाफराबाद, जौनपुर। थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव निवासी एवं जन सेवा केंद्र संचालक प्रेमचंद यादव का बुधवार सुबह वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान निधन हो गया। करीब दो महीने पहले बदमाशों द्वारा गोली मारे जाने के बाद से वह गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 की रात प्रेमचंद यादव अपना जन सेवा केंद्र बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बताया जाता है कि बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया और विरोध करने पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से प्रेमचंद यादव गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया था।
वाराणसी में करीब दो महीने तक उनका इलाज चलता रहा। परिवार के लोग लगातार उनकी जिंदगी बचाने के लिए प्रयास करते रहे, लेकिन बुधवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई, बावजूद इसके उन्हें बचाया नहीं जा सका।
प्रेमचंद यादव की मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपितों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
