देवल संवाददाता, आजमगढ़, 03 मई 2026। थाना मुबारकपुर क्षेत्र में प्रतिबंधित पशु वध के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से अवैध असलहा व कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
घटना की शुरुआत 01 मई 2026 को हुई, जब प्रभारी चौकी लोहरा उ0नि0 प्रमोद कुमार यादव को सूचना मिली कि ग्राम फखरुद्दीनपुर स्थित ग्रीन पैराडाइज ढाबा के पीछे मिट्टी के भीटे पर प्रतिबंधित पशु के सिर, खाल व अन्य अवशेष बोरे में रखे गए हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अवशेष बरामद किए और आवश्यक कार्रवाई के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी को सौंप दिया, जबकि शेष अवशेषों को जमीन में दफन कराया गया। इस संबंध में थाना मुबारकपुर पर गोवंशीय संरक्षण अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सलमान अहमद (24 वर्ष), निवासी खैराबाद थाना मोहम्मदाबाद, जनपद मऊ का नाम प्रकाश में आया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में 02 मई को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि आरोपी दामोदरपुर मार्ग स्थित एक बाग में अपने साथियों का इंतजार कर रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी है।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद उसने दोबारा हमला करने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इस दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को 03 मई की रात करीब 00:58 बजे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी मुबारकपुर भेजा गया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध असलहा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध करता था और मांस बेचता था। 01 मई की रात भी उसने अपने जीजा व अन्य साथियों के साथ मिलकर इसी तरह की घटना को अंजाम दिया था, लेकिन लोगों की आहट मिलने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इस कार्रवाई में थाना मुबारकपुर पुलिस टीम के कई पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
