महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम को बड़ी खुशखबरी मिली है। अनुभवी तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल ने संन्यास से वापसी का मन बना लिया है। वे साउथ अफ्रीका के लिए महिला विश्व कप में खेलती हुई दिखाई दे सकती हैं। प्रोटियाज के लिए उनकी संन्यास से वापसी करना बहुत ही राहत की खबर है।
अफ्रीकी टीम तेज गेंदबाजी विभाग में लगातार संघर्ष कर रही थी। ऐसे में उनकी वापसी से टीम को और भी मजबूती मिलेगी। इंग्लैंड की मेजबानी में ये विश्व कप खेला जाना है और इस वजह से अफ्रीका को उनके अनुभव का फायदा मिल सकता है। इसके अलावा विश्व कप के लिए टीमें अपने स्क्वाड का एलान कर रही हैं। इसी कड़ी में स्कॉटलैंड भी शामिल हो गया है। स्कॉटलैंड ने वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का एलान कर दिया है, जिसमें इंग्लैंड की खिलाड़ी को शामिल किया गया है।
शबनीम इस्माइल ने वापस लिया संन्यास
रिपोर्ट्स के अनुसार, 37 वर्षीय शबनीम इस्माइल ने क्रिकेट साउथ अफ्रीका के क्रिकेट डायरेक्टर एनोक नक्वे और मुख्य कोच मांडला माशिम्बयी के साथ चर्चा के बाद यह फैसला लिया। सोमवार को टीम की घोषणा में देरी हुई, जिसकी वजह आंतरिक समीक्षा बताई गई। उम्मीद है कि शबनीम का नाम टीम में शामिल होगा। कोच माशिम्बयी ने पहले ही कहा था कि शबनिम जैसी अनुभवी और तेज गेंदबाज को टीम में शामिल करना बहुत अच्छा रहेगा। उन्होंने न्यूजीलैंड दौरे के बाद भी स्वीकार किया कि टीम में सच्ची तेज गेंदबाजी की कमी महसूस हो रही है।
शबनीम ने 2023 में लिया था संन्यास
शबनीम ने 2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उस समय उन्होंने घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका को पहली बार टी20 विश्व कप के फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके जाने के बाद तेज गेंदबाजी विभाग में खासी कमी आई। हालांकि टीम ने अच्छा प्रदर्शन जारी रखा। 2024 में एक बार फिर टी20 विश्व कप फाइनल खेला और वनडे विश्व कप में भी फाइनल तक पहुंची। हालांकि, कोच मानते हैं कि शबनीम की रफ्तार और अनुभव की कमी अब भी साफ दिखती है।
स्कॉटलैंड ने टीम का किया एलान
स्कॉटलैंड ने 12 जून से होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपने स्क्वाड की घोषणा कर दी है। इस टीम में इंग्लैंड की पूर्व स्पिनर क्रिस्टी गॉर्डन खेलती हुई दिखाई देनी वाली हैं।
स्कॉटलैंड का स्क्वाड
कैथरीन ब्राइस (कप्तान), क्लो एबेल, ओलिविया बेल, सारा ब्राइस, डार्सी कार्टर, प्रियानाज चटर्जी, गैब्रिएला फोंटेन्ला, कैथरीन फ्रेजर, क्रिस्टी गॉर्डन, आइल्सा लिस्टर, मैसी मैसीरा, अबताहा मकसूद, मेगन मैककॉल, राहेल स्लेटर, पिप्पा स्प्राउल।
