देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत छात्राओं, महिलाओं एवं आमजन को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रमों में महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं लैंगिक समानता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बालिकाओं को गुड टच बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस टीमों ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं ओटीपी साझा न करने जैसी महत्वपूर्ण सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया। आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या महिला संबंधी अपराध की सूचना तत्काल पुलिस एवं हेल्पलाइन नंबरों पर दें। पुलिस द्वारा कार्यक्रमों में 112 आपातकालीन सेवा, 1090 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन एवं 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी भी साझा की गई।
.jpg)