ट्रंप इन दिनों चीन के दौरे पर हैं। पीपुल्स ग्रेट हॉल में गुरुवार को अपने भाषण में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अमेरिका-चीन संबंधों के बारे में बेहद उत्साह से बात की। उन्होंने कहा कि दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच का संबंध विश्व का सबसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संबंध है।
शी चिनफिंग ने दोनों देशों के संबंधों को दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय रिश्ता बताया और कहा कि इसे हर हाल में सफल बनाना होगा। चिनफिंग ने स्पष्ट किया कि दोनों देश सहयोग से लाभ कमा सकते हैं और टकराव से दोनों को ही नुकसान होगा। उन्होंने दोनों देशों को प्रतिद्वंदी के बजाय साझेदार बनने की वकालत की।
उन्होंने कहा कि हम दोनों का मानना है कि चीन-अमेरिका संबंध दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संबंध है। हमें इसे सफल बनाना होगा और इसे कभी खराब नहीं करना चाहिए।
चीनी राष्ट्रपति ने अपने भाषण में एक अनोखा तालमेल बैठाते हुए कहा कि चीन के राष्ट्रीय कायाकल्प और ट्रंप के मेक अमेरिका ग्रेट अगेन का लक्ष्य एक साथ आगे बढ़ सकता है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस द्विपक्षीय रिश्ते को इतिहास का सबसे प्रभावशाली संबंध बताया। इसके साथ ही उन्होंने शी चिनफिंग और उनकी पत्नी को 24 सितंबर को व्हाइट हाउस आने का औपचारिक न्योता भी दिया।
