पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2026 में बड़ा कारनामा किया है। उन्होंने रोहित शर्मा, एमएस धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के क्लब में जगह बना ली है। अय्यर ने आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी की है लेकिन पिछले कुछ मैचों में उनका फॉर्म साथ नहीं दे रहा है। अय्यर बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करने में फेल रहे हैं और इसी कारण पंजाब को भी लगातार 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में पंजाब के पास वापसी करने का मौका है। इस मुकाबले में अय्यर ने इतिहास रच दिया है। वे आईपीएल में खास कारनामा करने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा उन्होंने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है। बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर उतरते ही श्रेयस के नाम रिकॉर्ड जुड़ गया।
श्रेयस अय्यर ने IPL में रचा इतिहास
अय्यर का बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में कप्तान के तौर पर आईपीएल में 100वां मैच है। वे ऐसा कारनामा करने वाले पांचवें कप्तान बने हैं। उनसे पहले 4 खिलाड़ियों ने ये कारनामा कर दिखाया है। इसके अलावा अय्यर पहले ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने 3 अलग-अलग टीमों की कप्तानी की है और 100 मैच पूरे किए हैं। आईपीएल में कप्तान के तौर पर 100 या उससे अधिक मैचों में कप्तानी करने के मामले में रोहित, विराट और धोनी का नाम शामिल है।
IPL में श्रेयस अय्यर ने की तीन टीमों की कप्तानी
अय्यर साल 2018 में पहली बार दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान बने थे। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के लिए शानदार खेल दिखाया। श्रेयस ने डीसी को 2020 के फाइनल में पहुंचाया, जहां उन्हें मुंबई के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने दिल्ली की 41 मैचों में कप्तानी की है। कोलकाता नाइट राइडर्स (29) और पंजाब किंग्स की अब तक 30 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं। उन्होंने कप्तान के तौर पर अब तक 2994 रन बनाए हैं।
