देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। आगामी विधानसभा निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौंड की अध्यक्षता में बीएसएनएल, जिओ और एयरटेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के दूरस्थ एवं नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे सभी मतदान केंद्रों, विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों को तत्काल चिन्हित किया जाए, जहां मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी रहती है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में संचार व्यवस्था की अहम भूमिका होती है, इसलिए किसी भी मतदान केंद्र पर नेटवर्क बाधित नहीं होना चाहिए। जिलाधिकारी ने दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि चिन्हित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जहां आवश्यकता हो, वहां नए मोबाइल टावर स्थापित करने की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि मजबूत नेटवर्क व्यवस्था से मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक समन्वय बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर युद्धस्तर पर कार्य करें तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते रहें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नेटवर्क सुधार कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनपद के प्रत्येक मतदान केंद्र पर निर्बाध एवं पर्याप्त नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
.jpg)