देवल संवाददाता, गाजीपुर। साइबर अपराधों की रोकथाम और जालसाजों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर सेल, थाना बहरियाबाद को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए यूपीआई धोखाधड़ी के शिकार एक पीड़ित के 99,923.86 रुपये वापस करा दिए हैं। जानकारी के अनुसार, प्यारेपुर निवासी शिवशरन सिंह पुत्र जयशंकर सिंह के साथ हाल ही में यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई थी। पीड़ित ने बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए बहरियाबाद साइबर सेल और थाना पुलिस ने तकनीकी सूझबूझ से शिवशरन सिंह के खाते से ट्रांसफर की गई 99,923.86 रुपये की राशि को तत्काल ब्लॉक (होल्ड) करवा दिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए, न्यायालय के आदेश पर पूरी धनराशि आवेदक के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते में सुरक्षित वापस भेज दी गई। अपनी डूबी हुई रकम वापस पाकर शिवशरन सिंह ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक उमेश चंद्र यादव, कांस्टेबल अंकित कुशवाहा और कांस्टेबल अनुराग वर्मा शामिल रहे। पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार के ऑनलाइन या साइबर फ्रॉड का शिकार होता है, तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते पैसे को ब्लॉक कर वापस दिलाया जा सके।
