देवल संवाददाता, गाजीपुर। मोहम्दाबाद स्थित यूसुफपुर फाटक पर रविवार देर रात उस समय हलचल मच गई जब भारी संख्या में बीती रात पुलिस बल गाजीपुर के सपा सांसद अफजाल अंसारी के पैतृक घर पहुंच गया। सीओ मोहम्दाबाद सुधाकर पांडे के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा खुलवाकर सांसद के भतीजे और मऊ विधायक अब्बास अंसारी को नोटिस थमाया और उनसे बिना अनुमति यहां रुकने पर कई सवाल किए, इस दौरान सपा समर्थित सुभासपा से मऊ विधायक अब्बास अंसारी और उनके चचेरे बड़े भाई सपा विधायक शोएब अंसारी भी नजर आए। पुलिस का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट से अब्बास अंसारी को 13 मई से केवल तीन दिनों तक मोहम्दाबाद स्थित आवास पर रहने की अनुमति मिली थी, लेकिन सूचना मिली कि वह तय सीमा से अधिक दिनों से वहीं ठहरे हुए हैं। इसी सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और उन्हें कारण बताई का एक नोटिस दिया गया। बताया जा रहा है कि उस समय अब्बास अंसारी आवास पर ही मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों और अब्बास अंसारी के बीच करीब 10 से 15 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान पुलिस ने उनसे रहने की अनुमति से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी ली और नोटिस सौंपा। मौके पर मौजूद मऊ विधायक ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि सुप्रीम कोर्ट का नया आदेश जारी हुआ है, जिसकी प्रति उपलब्ध कराने के लिए एक दिन का समय दिया जाए। बातचीत में उन्होंने अपने ऊपर हुए अन्य मुकदमों की भी ताजा जानकारी पुलिस अधिकारी सुधाकर पाण्डेय से साझा की जो बातचीत में साफ सुना जा सकता है। हालांकि अभी इस पर अंसारी परिवार से मीडिया को कोई वक्तव्य जारी नहीं हुआ है। सूत्रों के अनुसार बातचीत के दौरान अब्बास अंसारी ने पुलिस से कहा कि उन्हें वहां रहने की वैध अनुमति प्राप्त है और यदि जानकारी लेनी थी तो मऊ एसपी से फोन पर भी पुष्टि की जा सकती थी। इस पूरे मामले में मोहम्दाबाद सीओ सुधाकर पांडे ने बताया कि पुलिस को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के संबंध में जो पहले पत्र प्राप्त हुआ था उस आदेश के अनुसार अब्बास अंसारी को सीमित अवधि (3 दिन) के लिए ही यूसुफपुर स्थित आवास पर रहने की अनुमति थी। स्थानीय स्तर पर सूचना मिली थी कि वह तय समय से अधिक दिनों से वहीं रह रहे हैं। इसी आधार पर सत्यापन और नोटिस की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यदि अब्बास अंसारी को अतिरिक्त अवधि तक रहने की कोई नई अनुमति मिली है तो उसकी प्रति पुलिस को उपलब्ध कराई जाए, अन्यथा उन्हें आवास खाली करना होगा। इसी के बाबत रात में पुलिस स्वीटी और उन्हें नोटिस दिया गया है, जिसमें उन्होंने जवाब देने के लिए एक दिन का समय मांगा है।
विधायक अब्बास अंसारी को पुलिस ने दिया नोटिस, कहा- जवाब दें नहीं तो छोड़ें घर
मई 25, 2026
0
Tags
